(SBI Reward Points New Rules/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: SBI Reward Points New Rules: SBI Card ने अपने PhonePe SBI Credit Card PURPLE और SELECT BALCK कार्डधारकों के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स सिस्टम में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। नया नियम 1 जुलाई 2026 से लागू होगा। इसका असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो क्रेडिट कार्ड से बिल पेमेंट, इंश्योरेंस, ऑनलाइन शॉपिंग और अन्य खर्चों पर रिवॉर्ड पॉइंट्स कमाते हैं। अब कई कैटेगरी में मिलने वाले फायदे कम हो जाएंगे या पूरी तर बंद हो सकते हैं।
PURPLE कार्ड यूजर्स के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स की मासिक लिमिट को संशोधित किया गया है। पहले फोनपे खर्चों पर 1,000 पॉइंट्स तक मिलते थे लेकिन अब इसे घटा दिया गया है। नए नियम के मुताबिक, बीमा से जुड़े खर्चों पर अधिकतम 250 पॉइंट्स मिलेंगे। वहीं अन्य फोनपे खर्चों पर 750 पॉइंट्स तक सीमित कर दिया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन शॉपिंग पर मिलने वाले कुल रिवॉर्ड पॉइंट्स की सीमा भी 1,000 से घटाकर 750 कर दी गई है।
SELECT BLACK कार्डधारकों के लिए भी रिवॉर्ड पॉइंट्स की सीमा कम कर दी गई है। पहले इन यूजर्स को फोनपे खर्चों पर हर महीने 2,000 पॉइंट्स तक मिलते थे लेकिन अब इसे घटा दिया गया है। नए नियम के तहत बीमा खर्चों पर 500 पॉइंट्स और अन्य फोनपे ट्रांजैक्शन्स पर 1,500 पॉइंट्स की सीमा तय की गई है। इसके साथ ही ऑनलाइन खर्चों पर मिलने वाले पॉइंट्स को 2,000 से घटाकर 1,000 कर दिया है।
SBI Card ने कुछ खर्चों को रिवॉर्ड सिस्टम से पूरी तरह बाहर कर दिया है। अब टोल और ब्रिज पेमेंट, गिफ्ट खरीदारी, ज्वेलरी शॉपिंग और शैक्षणिक संस्थानों को किए गए भुगतान पर कोई रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे। इसके अलावा फोनपे ऐप के बाहर किए गए यूटिलिटी बिल, इंश्योरेंस प्रीमियम और UPI ट्रांजैक्शन्स पर भी अब रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं दिए जाएंगे।
SBI ने साफ किया है कि बाकी सभी कार्ड सुविधाएं पहले जैसी ही रहेंगी। केवल रिवॉर्ड पॉइंट्स की सीमा और कुछ कैटेगरी में बदलाव किया गया है। ऐसे में कार्डधारकों को सलाह दी जाती है कि वे 1 जुलाई 2026 से पहले नए नियमों को समझकर अपने खर्चों की योजना बनाएं। खासकर बीमा, बिल पेमेंट और ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में कम रिवॉर्ड्स मिल सकते हैं।