मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। कच्चे तेल के दाम में तेजी और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने के बीच बीएसई सेंसेक्स 281 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की गिरावट आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत टूटकर 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 555.5 अंक की गिरावट के साथ 77,453.75 अंक तक आ गया था।
इसी प्रकार, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ ही निफ्टी में लगातार पाचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 प्रतिशत बढ़कर 89.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार सोमवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बनी अनिश्चितता और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में ठोस प्रगति नहीं होने से निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शोध विश्लेषण कंपनी एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, कारोबार में निचले स्तर से कुछ सुधार आया।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 508.12 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की थी।
इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 70.71 अंक टूटकर 78,009.25 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 29.85 अंक प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,366 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय