कैबिनेट में फेरबदल जल्द, भाजपा व राकांपा के नए चेहरों को मिल सकता है मौका : आठवले

Ads

कैबिनेट में फेरबदल जल्द, भाजपा व राकांपा के नए चेहरों को मिल सकता है मौका : आठवले

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 04:35 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 04:35 PM IST

नागपुर, 17 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री और आरपीआई(ए) प्रमुख रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल “बहुत जल्द” हो सकता है, जिसमें भाजपा और सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नए चेहरों को सरकार में शामिल किए जाने की उम्मीद है।

आठवले ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए यह भी कहा कि विकास के प्रयासों को मजबूत करने के लिए शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) को वैचारिक मतभेद दूर करके सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हो जाना चाहिए।

आठवले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन में बदलाव के बाद “बहुत जल्द” केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है, जिसमें भाजपा और सहयोगी पार्टी राकांपा से नए लोगों को शामिल किए जाने की संभावना है।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री ने कहा कि वह चाहेंगे कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) सरकार का हिस्सा बने।

उन्होंने कहा कि अगर पवार ऐसा करने से इनकार करते हैं, तो विपक्षी पार्टी के आठ सांसदों को राजग में शामिल हो जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें (राकांपा-शप) राजग में शामिल हो जाना चाहिए।” उन्होंने अपना और राजग के पूर्व सहयोगियों—जिनमें पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस, नीतीश कुमार, शरद यादव, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक शामिल हैं—का उदाहरण दिया।

आठवले ने यह भी कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा करने और समाज व पार्टी को मजबूत करने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके को आरपीआई (ए) में शामिल हो जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने आरक्षण खत्म करने की कुछ लोगों की मांग पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आरक्षण एक संवैधानिक अधिकार है और सरकार को इसे हटाने की मांग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप