मुंबई, 15 जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी आई और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बैंक शेयरों में बढ़त और अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद से कम रहने के साथ बीएसई सेंसेक्स 130 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 26 अंक की तेजी रही।
अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा उम्मीद के मुकाबले अधिक नरम रहने से ऐसी संभावना है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व आने वाले महीनों में मौद्रिक नीति के मामले में कम आक्रामक रुख अपनाएगा।
हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के कारण दोपहर के कारोबार में निवेशकों का उत्साह कम रहा और मुनाफावसूली देखी गई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 130.49 अंक यानी 0.17 प्रतिशत चढ़कर 77,185.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 591.33 अंक यानी 0.76 प्रतिशत के लाभ के साथ 77,646.27 अंक पर पहुंच गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 26.45 अंक यानी 0.11 प्रतिशत बढ़कर 24,078.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और इन्फोसिस शामिल हैं।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट आई।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई और एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच मझोली और छोटी कंपनियों से जुड़े सूचकांकों ने बड़ी कंपनियों के शेयरों से बेहतर प्रदर्शन किया।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका में महंगाई में नरमी ने भी बाजार धारणा को समर्थन दिया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.90 प्रतिशत बढ़कर 85.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स मंगलवार को 561.46 अंक टूटकर 77,054.94 पर बंद हुआ था। निफ्टी 158.95 अंक की गिरावट के साथ 24,052.05 अंक पर रहा था।
भाषा रमण अजय
अजय