शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा
Modified Date: February 10, 2026 / 04:41 pm IST
Published Date: February 10, 2026 4:41 pm IST

मुंबई, 10 फरवरी (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 208 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 68 अंक के लाभ में रहा। मजबूत वैश्विक संकेतों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बनी उम्मीद के बीच बाजार तेजी जारी है।

हालांकि, निवेशकों ने उच्चस्तर पर मुनाफावसूली भी की।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 208.17 अंक यानी 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,273.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, मानक सूचकांक 417.2 अंक तक चढ़कर 84,482.95 अंक के उच्चतम स्तर तक चला गया था।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 67.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत बढ़कर 25,935.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, मानक सूचकांक 122.15 अंक की तेजी के साथ 25,989.45 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटर्नल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, टाइटन और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी शामिल हैं।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी व्यापार समझौते और प्रमुख एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजारों में तेजी जारी रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश में जोरदार तेजी और रुपये की मजबूती से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों में बीच-बीच में मुनाफावसूली देखने को मिली।’’

उन्होंने कहा कि शुल्क संबंधी चिंताओं के काफी हद तक दूर होने के साथ, निकट भविष्य में बाजार की दिशा कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों पर निर्भर करेगी, जो अब तक मिले-जुले रहे हैं और उम्मीदों से कम हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में, जापान का निक्की, हांगकांग का हैंग सेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट सकारात्मक दायरे में बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में दोपहर के कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत टूटकर 68.89 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 485.35 अंक लाभ में रहा था जबकि एनएसई निफ्टी 173.60 अंक मजबूत हुआ था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में