शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूती, सेंसेक्स 568 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूती, सेंसेक्स 568 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूती, सेंसेक्स 568 अंक चढ़ा
Modified Date: March 17, 2026 / 04:36 pm IST
Published Date: March 17, 2026 4:36 pm IST

मुंबई, 17 मार्च (भाषा) वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और धातु एवं वाहन शेयरों में खरीदारी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन मजबूती रही। सेंसेक्स 568 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 172 अंक की तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 567.99 अंक यानी 0.75 प्रतिशत चढ़कर 76,070.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 801.41 अंक बढ़कर 76,304.26 अंक तक पहुंच गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 172.35 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,581.15 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी के शेयरों में भी तेजी में रहे।

दूसरी तरफ, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 1.63 प्रतिशत चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार तेजी के रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘भारतीय बाजारों में लगातार दूसरे दिन सुधार देखने को मिला है, जिसे कम होती अस्थिरता और चुनिंदा क्षेत्रों में मजबूती का समर्थन मिला।’’

उन्होंने कहा कि उतार-चढ़ाव को मापने वाला सूचकांक ‘इंडिया विक्स’ आठ प्रतिशत की गिरावट के साथ 20 से नीचे आ गया है जो एक सकारात्मक संकेत है।

क्षेत्रवार सूचकांकों में वाहन खंड में मजबूती देखने को मिली और निफ्टी वाहन सूचकांक करीब दो प्रतिशत चढ़ गया।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.44 प्रतिशत बढ़कर 102.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 9,365.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,593.36 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 938.93 अंक चढ़कर 75,502.85 अंक और निफ्टी 257.70 अंक चढ़कर 23,408.80 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में