मुंबई, 27 अप्रैल (भाषा) वैश्विक संकेतों में सुधार और प्रमुख कंपनियों में खरीदारी के चलते घरेलू शेयर बाजारों में तीन दिन की गिरावट के बाद सोमवार को तेजी लौट आई। सेंसेक्स 639 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 195 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
विश्लेषकों ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा के शेयरों में जोरदार लिवाली आने से मानक सूचकांकों में उछाल देखा गया। इसके अलावा ईरान और अमेरिका के बीच तनाव घटने के संकेतों ने भी धारणा को मजबूती दी।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 639.42 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछलकर 77,303.63 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 755.83 अंक तक चढ़कर 77,420.04 के स्तर तक पहुंच गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 194.75 अंक यानी 0.81 प्रतिशत बढ़कर 24,092.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा का शेयर करीब सात प्रतिशत तक उछल गया। सन फार्मा द्वारा अमेरिकी कंपनी ऑर्गेनॉन के अधिग्रहण के लिए 11.75 अरब डॉलर के सौदे की घोषणा के बाद इसमें तेज खरीदारी देखी गई। यह भारतीय कंपनियों द्वारा किए गए सबसे बड़े विदेशी अधिग्रहणों में से एक है।
इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी 2.88 प्रतिशत की तेजी आई। साथ ही, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे।
दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा।
यूरोपीय बाजारों में भी सकारात्मक रुख के साथ कारोबार चल रहा था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अमेरिका और ईरान के बीच संभावित तनाव घटने की खबरों से वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इससे घरेलू बाजारों को भी समर्थन मिला।’
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.53 प्रतिशत बढ़कर 107.9 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 8,827.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 999.79 अंक गिरकर 76,664.21 अंक और निफ्टी 275.10 अंक की गिरावट के साथ 23,897.95 अंक पर बंद हुए थे।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण