मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का शेयर पहले दिन के कारोबार में 30 प्रतिशत चढ़ा

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का शेयर पहले दिन के कारोबार में 30 प्रतिशत चढ़ा

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का शेयर पहले दिन के कारोबार में 30 प्रतिशत चढ़ा
Modified Date: August 18, 2026 / 06:00 pm IST
Published Date: August 18, 2026 6:00 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) पैकेट बंद खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनी मिल्की मिस्ट डेयरी फूड लिमिटेड का शेयर मंगलवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने निर्गम मूल्य 140 रुपये के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बीएसई और एनएसई दोनों पर कंपनी का शेयर 165 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 17.85 प्रतिशत अधिक है।

कारोबार के अंत में बीएसई पर यह 29.60 प्रतिशत चढ़कर 181.45 रुपये पर और एनएसई पर 29.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 181.50 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 13,968.81 करोड़ रुपये रहा।

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के अंतिम दिन 56.12 गुना अभिदान मिला था।

कंपनी के 1,553 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 133-140 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।

यह किसी भारतीय डेयरी कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है। इस क्षेत्र में सूचीबद्ध अन्य कंपनियां पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड, हटसन एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड और डोडला डेयरी लिमिटेड हैं।

नए शेयर के निर्गम से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज के पुनर्भुगतान या पूर्व भुगतान, तमिलनाडु के पेरुंदुरई स्थित कंपनी के विनिर्माण संयंत्र के विस्तार एवं आधुनिकीकरण और शीत भंडार गृह ढांचे को मजबूत करने में किया जाएगा।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में