नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) मोलबायो डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड का शेयर अपने 807 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 21 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सोमवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर शेयर 980 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 21.43 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 24.16 प्रतिशत चढ़कर 1,002.05 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर भी कंपनी के शेयर ने 980 रुपये पर शुरुआत की।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 10,875.77 करोड़ रुपये रहा।
मोलबायो डायग्नोस्टिक्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बुधवार को बोली के अंतिम दिन 70.26 गुना अभिदान मिला था।
कंपनी के 940 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 768-807 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
गोवा स्थित कंपनी नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 106 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सुविधा, उत्कृष्टता केंद्र और उससे जुड़े कार्यालय के लिए बुनियादी ढांचा स्थापित करने में पूंजीगत व्यय के लिए करेगी।
भाषा निहारिका
निहारिका