मुंबई, 20 जून (भाषा) रक्षा और समुद्री क्षेत्र के लिए अत्याधुनिक हीटिंग, वेंटिलेशन, एयर कंडीशनिंग एवं रेफ्रिजरेशन (एचवीएसी-आर) प्रणाली बनाने वाली कंपनी श्री रेफ्रिजरेशंस महाराष्ट्र के कराड में अपनी नई विनिर्माण इकाई का शनिवार को उद्घाटन किया।
कंपनी के शनिवार को जारी बयान के अनुसार भारतीय नौसेना के चीफ ऑफ मैटेरियल वाइस एडमिरल बी. शिवकुमार ने छह एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली इस इकाई का उद्घाटन किया।
इस संयंत्र में रोबोटिक वेल्डिंग, लेजर कटिंग और बेंडिंग मशीनों जैसी अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा शॉट ब्लास्टिंग और पेंटिंग जैसी प्रक्रियाओं को भी एकीकृत किया गया है।
कंपनी ने प्रतिस्पर्धात्मक कारणों का हवाला देते हुए निवेश राशि का खुलासा नहीं किया।
नई इकाई के शुरू होने से कंपनी के विनिर्माण क्षेत्र में 50,000 वर्ग फुट की वृद्धि हुई है। भविष्य की विस्तार योजनाओं को देखते हुए अतिरिक्त 50,000 वर्ग फुट क्षेत्र जोड़ने की भी संभावना है।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक आर. जी. शेंडे ने कहा कि यह नई इकाई ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप स्वदेशी विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
भाषा योगेश रमण
रमण