कौशांबी, 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार को एक कंटेनर ट्रक ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना पहाड़पुर कोडन गांव के निकट हुई। कंटेनर ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस के क्षेत्राधिकारी (सिराथू) सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है और उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कंटेनर के चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत