जयपुर, पांच अगस्त (भाषा) श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी (एसजीआई) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सकल प्रत्यक्ष प्रीमियम (जीडीपी) में सालाना आधार पर 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का जीडीपी बढ़कर 1,180 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की तिमाही में 960 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उसकी वृद्धि उद्योग की 11 प्रतिशत वृद्धि से अधिक रही। मोटर बीमा कारोबार में कंपनी ने 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि उद्योग की वृद्धि 14 प्रतिशत रही। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कारोबार में भी 47 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
बयान के अनुसार पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 131 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 125 करोड़ रुपये था। जून 2026 के अंत तक कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 3.02 रहा, जो नियामकीय आवश्यकता 1.50 से अधिक है।
कंपनी ने कहा कि पहली तिमाही में उसने 5,176 नए वित्तीय सलाहकार जोड़े, जो पिछले वर्ष की तुलना में आठ प्रतिशत अधिक है। साथ ही कुल वित्तीय सलाहकारों की संख्या बढ़कर 1,10,102 हो गई। इस अवधि में शाखाओं की संख्या 279 से बढ़कर 291 हो गई। सक्रिय पॉलिसियों की संख्या भी 68 लाख से बढ़कर 72 लाख हो गई।
श्रीराम जनरल इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनिल अग्रवाल ने कहा कि कंपनी वितरण नेटवर्क के विस्तार और अनुशासित अंडरराइटिंग पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे उसे उद्योग से बेहतर वृद्धि हासिल करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2029-30 तक वित्तीय सलाहकारों की संख्या बढ़ाकर दो लाख करने का लक्ष्य लेकर चल रही है तथा स्वास्थ्य बीमा कारोबार में भी अपनी उपस्थिति मजबूत करेगी।
भाषा बाकोलिया पारुल पाण्डेय
पाण्डेय