सिग्नेचर ग्लोबल का गुरुग्राम में लक्जरी आवास परियोजना के लिए टोनिनो लैम्बोर्गिनी के साथ करार

Ads

सिग्नेचर ग्लोबल का गुरुग्राम में लक्जरी आवास परियोजना के लिए टोनिनो लैम्बोर्गिनी के साथ करार

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 02:57 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम में एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए इटली के लाइफस्टाइल ब्रांड टोनिनो लैम्बोर्गिनी के साथ साझेदारी की है। इस परियोजना में करीब 2,900 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ ‘टोनिनो लैम्बोर्गिनी रेजिडेंसेज गुरुग्राम’ नामक यह आगामी ब्रांडेड आवासीय परियोजना सेक्टर 71 में 12.40 एकड़ में फैली होगी जिसमें 812 लक्जरी फ्लैट शामिल होंगे।’’

इस साझेदारी के साथ टोनिनो लैम्बोर्गिनी भारत के आवासीय रियल एस्टेट बाजार में प्रवेश कर रही है।

सिग्नेचर ग्लोबल ने बताया, ‘‘ परियोजना की अनुमानित लागत 2,890.97 करोड़ रुपये है।’’

कंपनी ने इटली के ब्रांड के साथ ‘‘लाइसेंस करार’’ किया है।

टोनिनो लैम्बोर्गिनी के साथ वाणिज्यिक शर्तों पर सिग्नेचर ग्लोबल ने कहा कि इसमें एक निश्चित शुल्क शामिल होगा जिसका किस्तों में भुगतान किया जाएगा और यदि कुल राजस्व एक निर्धारित सीमा से अधिक होता है तो अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा।

सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा, ‘‘ हमारा दृष्टिकोण हमेशा भारत में शहरी जीवन के मानकों को पुनर्परिभाषित करने का रहा है जिसमें विश्वस्तरीय नवाचार को अपने देश में लाया जाए। टोनिनो लैम्बोर्गिनी जैसे वैश्विक ब्रांड के साथ साझेदारी करके हम केवल अपार्टमेंट नहीं बना रहे हैं बल्कि एक नई जीवनशैली तैयार कर रहे हैं …’’

टोनिनो लैम्बोर्गिनी एस.पी.ए. के संस्थापक एवं अध्यक्ष टोनिनो लैम्बोर्गिनी ने कहा कि इस परियोजना के साथ कंपनी ने भारत के ब्रांडेड रियल एस्टेट बाजार में प्रवेश किया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय