चांदी 3,400 रुपये टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर, मजबूत डॉलर से सोना स्थिर
चांदी 3,400 रुपये टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर, मजबूत डॉलर से सोना स्थिर
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें 3,400 रुपये टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, और सोना लगभग स्थिर 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच मजबूत डॉलर ने कीमती धातुओं की मांग को कम कर दिया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी ने लगातार तीसरे दिन अपनी गिरावट जारी रखी और शुक्रवार के 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 3,400 रुपये या लगभग 1.3 प्रतिशत टूटकर 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से महंगाई का दबाव फिर से बढ़ने की चिंता से चांदी में पिछले सप्ताह की गिरावट और बढ़ गई।’’
ऊर्जा की ऊंची कीमतें महंगाई की आशंकाओं को बढ़ाती हैं, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की रफ्तार में देरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति ने डॉलर और बॉन्ड प्रतिफल को समर्थन मिला, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा।
इस बीच, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) पर पहुंच गया। सर्राफा संघ के अनुसार, पिछले बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 65.23 डॉलर या 1.26 प्रतिशत टूटकर 5,105.89 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी भी 0.53 प्रतिशत के नुकसान के साथ 83.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस और मुद्रा के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में आपूर्ति की चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में रातों-रात लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने से सोना 5,097 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर नीचे कारोबार कर रहा है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


