वायदा कारोबार में तीन दिन की गिरावट के बाद चांदी, सोने में जोरदार उछाल
वायदा कारोबार में तीन दिन की गिरावट के बाद चांदी, सोने में जोरदार उछाल
नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) घरेलू बाजारों में तीन दिन की गिरावट के बाद निवेशकों की लिवाली बढ़ने के कारण मंगलवार को वायदा कारोबार में चांदी और सोने की कीमतों में जोरदार उछाल आया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 29,372 रुपये, या 12.43 प्रतिशत बढ़कर 2,65,633 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी 2,70,398 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी, जिसमें 34,137 रुपये, या 14.4 प्रतिशत की बढ़त हुई। सोमवार को यह 2,36,261 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
यह उछाल एक बड़ी बिकवाली के बाद आया, जिसमें शुक्रवार से सोमवार तक चांदी में 41 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे 1,63,632 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई और निवेशकों की काफी संपत्ति खत्म हो गई। यह गिरावट 29 जनवरी को चांदी के 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद आई।
पिछले तीन सत्रों में भारी गिरावट के बाद सोने की कीमतों में भी जोरदार सुधार देखा गया। सोने के अप्रैल अनुबंध की कीमत मंगलवार को 7,923 रुपये, या 5.5 प्रतिशत बढ़कर 1,51,914 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। पिछले तीन सत्रों में, सोना 29 जनवरी के 1,83,962 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से लगभग 40,000 रुपये, या 22 प्रतिशत गिर गया था।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोने और चांदी में मंगलवार को जोरदार सुधार लौटा, जिससे हफ्ते की शुरुआत में अत्यधिक अस्थिरता के बाद कई दिन के नुकसान की भरपाई हुई। मजबूत सुरक्षित निवेशक मांग और पहले की मुनाफावसूली के बाद सटोरिया लिवाली से सोना लगभग पांच प्रतिशत बढ़ा, जबकि चांदी 10 प्रतिशत से अधिक चढ़ गई।’’
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी और सोने के वायदा भाव में भी तेज़ी से मजबूती आई। न्यूयॉर्क में कॉमेक्स में चांदी का मार्च अनुबंध 9.59 डॉलर, यानी 12.45 प्रतिशत बढ़कर 86.6 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि पिछला बंद भाव 77 डॉलर प्रति औंस था।
अप्रैल डिलिवरी वाले कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 287.19 डॉलर, यानी 6.17 प्रतिशत बढ़कर 4,939.79 डॉलर प्रति औंस हो गया। सोमवार को यह 4,652.6 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


