एसबीआई का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 13.7 प्रतिशत बढ़कर 24,113 करोड़ रुपये पर
एसबीआई का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 13.7 प्रतिशत बढ़कर 24,113 करोड़ रुपये पर
मुंबई, सात अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 13.73 प्रतिशत बढ़कर 24,113 करोड़ रुपये रहा।
बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 21,201.47 करोड़ रुपये और पिछली मार्च तिमाही में 19,642.87 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, एकल आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10.23 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 19,160.44 करोड़ रुपये था।
बैंक की कुल आय बढ़कर 1.43 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 1.35 लाख करोड़ रुपये थी। वहीं, इस दौरान कुल खर्च बढ़कर 1.10 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो 2025-26 की समान अवधि में 1.04 लाख करोड़ रुपये था।
बैंक ने बताया कि जून तिमाही में फंसे कर्ज (एनपीए) के लिए प्रावधान घटकर 3,359 करोड़ रुपये रह गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 4,934 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछली तिमाही के 3,140 करोड़ रुपये के मुकाबले यह अधिक रहा।
बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) 30 जून, 2026 को घटकर 1.47 प्रतिशत रही, जो मार्च अंत में 1.49 प्रतिशत और एक वर्ष पहले 1.83 प्रतिशत थी।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


