चांदी 9,000 रुपये मजबूत, सोना 3,500 रुपये चढ़ा
चांदी 9,000 रुपये मजबूत, सोना 3,500 रुपये चढ़ा
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) मजबूत वैश्विक रूख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी की कीमत 9,000 रुपये बढ़कर 2.46 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि सोना 3,500 रुपये उछलकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 9,000 रुपये यानी 3.8 प्रतिशत बढ़कर 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। सोमवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 3,500 रुपये यानी 2.3 प्रतिशत बढ़कर 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को सर्राफा बाजार बंद रहे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने बताया कि बुधवार को भी सोने की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही। इस तेजी की मुख्य वजह पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत हैं। इससे आगे और तनाव बढ़ने या ऊर्जा बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने का जोखिम कम होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से तेल की कीमतें नरम रहने की उम्मीद है। इससे महंगाई को लेकर चिंता कम हुई है और केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना भी कम हो जाती है।
पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में, सोने की कीमत 57,350 रुपये, या लगभग 61 प्रतिशत बढ़कर 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं, जबकि एक अप्रैल, 2025 को इसकी कीमत 94,150 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी। चांदी की कीमतों में भी 1,34,500 रुपये की भारी उछाल देखने को मिली, जिससे घरेलू बाजारों में निवेशकों को 131 प्रतिशत से अधिक का लाभ मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 76.51 डॉलर यानी लगभग दो प्रतिशत बढ़कर 4,743.89 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी मामूली गिरावट के साथ 75.04 डॉलर प्रति औंस पर रही।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


