नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) सिंगापुर की दूरसंचार कंपनी सिंगटेल ने भारत में सीधे-घर तक (डीटीएच) सेवाओं के लिए उपग्रह बैंडविड्थ उपलब्ध कराने को लेकर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की मंजूरी मांगी है। उद्योग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सिंगटेल, न्यूस्पेस इंडिया लि. के जरिये परोक्ष रूप से डिश टीवी को उपग्रह बैंडविड्थ उपलब्ध कराती रही है।
उद्योग के एक सूत्र ने कहा, ‘‘सिंगटेल ने भारत में डीटीएच सेवा प्रदाताओं को सीधे उपग्रह बैंडविड्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मंजूरी को लेकर आवेदन किया है।’’
इस कदम से भारत में एक दशक से अधिक समय से कारोबार कर रही सिंगटेल अपने ग्राहकों को सार्वजनिक क्षेत्र की अंतरिक्ष कंपनी न्यूस्पेस इंडिया लि. के जरिये सेवा देने के बजाय सीधे बैंडविड्थ उपलब्ध करा सकेगी।
सिंगटेल के प्रवक्ता ने डिश टीवी का नाम लिए बिना कहा कि कंपनी 15 वर्षों से अधिक समय से भारत में एक डीटीएच सेवा प्रदाता को नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप एक नामित भारतीय सरकारी एजेंसी के माध्यम से उपग्रह क्षमता उपलब्ध करा रही है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भारत की अंतरिक्ष नीति में हाल के बदलावों के बाद निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए अधिक अवसर उपलब्ध हुए हैं। हम संबंधित भारतीय प्राधिकरणों से आवश्यक मंजूरी मांग रहे हैं, ताकि हमारी भारतीय अनुषंगी कंपनी, सिंगापुर टेलीकॉम इंडिया प्राइवेट लि., उन्हें सीधे उपग्रह क्षमता उपलब्ध कराना जारी रख सके।”
इस बारे में डिश टीवी ने कहा, “कंपनी ने उपग्रह संचालकों को डीटीएच परिचालकों के साथ सीधे कारोबार करने की अनुमति देने की सरकार की नीति का स्वागत किया था और उम्मीद है कि सिंगटेल को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक मंजूरी मिल जाएगी।’’
भाषा रमण अजय
अजय