सीतारमण ने तमिलनाडु में किसान उत्पादक संगठन का उद्घाटन किया

Ads

सीतारमण ने तमिलनाडु में किसान उत्पादक संगठन का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 08:56 PM IST

विरुधुनगर (तमिलनाडु), 18 जुलाई (भाषा) केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को एक किसान उत्पादक संगठन (ग्लोबल चिली एग्रो प्राइवेट लिमिटेड) का उद्घाटन किया।

सीतारमण ने तिरुचुली गांव में आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘यह किसान उत्पादक संगठन को भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की वित्तीय सहायता से स्थापित किया गया है। यह भैगोलिक संकेतक (जीआई)-दर्जे वाले सांबा मिर्च और उनसे बने मूल्य-वर्धित उत्पाद तैयार करता है।’’

उन्होंने इस बात की सराहना की कि सिडबी इस क्षेत्र के किसानों को केवल ऋण देने तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि सभी आवश्यक सहायता भी प्रदान करता है, जो पूरे देश के लिए एक मिसाल है।

मंत्री ने कहा, ‘‘चूंकि इस क्षेत्र में उगाई जाने वाली मिर्च में कीटनाशकों का उपयोग बहुत कम होता है, इसलिए ये विदेशों में निर्यात के लिए बहुत उपयुक्त हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत, सरकार इस जिले में मिर्च की खेती, मूल्य संवर्धन और विपणन के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।

इसके अलावा, मंत्री ने इस किसान उत्पादक संगठन द्वारा उत्पादित सांबा मिर्च और उनसे बने मूल्य-वर्धित उत्पादों को ले जाने वाले निर्यात वाहनों के पहले जत्थे को श्रीलंका, आंध्र प्रदेश और हरियाणा सहित भारत के विभिन्न हिस्सों और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए रवाना किया।

इससे पहले, विरुधुनगर जिले के तिरुचुली स्थित सरकारी कला और विज्ञान कॉलेज में निर्मला सीतारमण ने एक इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन किया।

एसबीआई के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कोष से मिली वित्तीय सहायता से 4 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम के लिए कोर्ट शामिल हैं। भाषा राजेश राजेश रमण

रमण