सीतारमण पश्चिम बंगाल में बैंकों के साथ प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करेंगी: सूत्र

Ads

सीतारमण पश्चिम बंगाल में बैंकों के साथ प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करेंगी: सूत्र

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक क्षेत्रों एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) के साथ जल्द ही जन धन, मुद्रा और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा जैसी प्रमुख सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगी। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल में पिछले महीने हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की थी और 15 वर्षों से शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नयी दिल्ली में वित्त मंत्री से मुलाकात की थी।

सूत्रों ने बताया कि सीतारमण बंगाल में पूंजीगत अवसंरचना को मजबूत करने के मकसद से पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (एसएएससीआई) योजना की भी समीक्षा करेंगी।

सूत्रों के अनुसार, वह बंगाल में प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई), मुद्रा, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी विभिन्न प्रमुख योजनाओं के व्यापक कार्यान्वयन का आकलन करेंगी।

भाषा यासिर अजय

अजय