मुंबई, 10 जून (भाषा) अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ने के कारण बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार शुरुआती बढ़त को गंवा कर लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। तेल एवं गैस, धातु और दूरसंचार शेयरों में अंतिम घंटे की बिकवाली की वजह से सेंसेक्स में जहां मामूली बढ़त रही, वहीं निफ्टी नुकसान में बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाले सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवा कर अंत में सीमित लाभ के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 694.25 अंक तक चढ़कर 74,613.01 अंक के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन अंत में यह मामूली 64.42 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,983.18 अंक पर बंद हुआ।
वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 27.15 अंक यानी 0.12 प्रतिशत फिसलकर 23,214.95 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 23,425.35 अंक के उच्च स्तर तक गया और 23,184.60 अंक के निचले स्तर तक आया।
विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख तथा विदेशी कोषों के प्रवाह से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।
सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, इटर्नल लिमिटेड, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा पश्चिम एशिया में ताजा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर बना रहा।
उन्होंने कहा, ‘‘इन घटनाक्रमों के चलते शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली, जिससे बाजार पर दबाव बना। हालांकि, बैंकिंग क्षेत्र के प्रमुख शेयरों में मजबूती के कारण बाजार में गिरावट सीमित रही और सूचकांकों को बड़े नुकसान से बचाने में मदद मिली।’’
बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.37 प्रतिशत नीचे आया। मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 1.35 प्रतिशत की गिरावट रही।
अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी दोपहर के कारोबार में नुकसान में थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,566.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए सैन्य टकराव ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका को फिर से जगा दिया है। इससे निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.20 प्रतिशत घटकर 91.27 डॉलर प्रति बैरल रही।
सेंसेक्स मंगलवार को 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,918.76 अंक और निफ्टी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,242.10 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा अजय
अजय रमण
रमण