कोलकाता। Sugar Price Latest News त्योहारों के मौसम में चीनी की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने थोक बाजार में चीनी का अधिकतम भाव 50 रुपये प्रति किलो तय कर दिया है। कृषि विपणन विभाग के मुताबिक, इस फैसले का असर अगले सात दिनों में खुदरा बाजार में दिखाई देने लगेगा। इसके बाद चीनी की खुदरा कीमत 53 से 55 रुपये प्रति किलो तक आने की उम्मीद है। दुर्गा पूजा से पहले आम लोगों को राहत देने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित सुफल बांग्ला स्टालों पर भी चीनी उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान चीनी की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी न हो और बाजार में इसकी आपूर्ति सामान्य बनी रहे।
Sugar Price Latest News पिछले कुछ महीनों से देश के विभिन्न हिस्सों में चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही थी। खुदरा बाजार में कई जगह इसकी कीमत करीब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। कीमत बढ़ने से जहां आम परिवारों के घरेलू बजट पर असर पड़ा, वहीं मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की लागत भी बढ़ी।
कीमतों पर नियंत्रण के लिए कृषि विपणन विभाग ने बड़ाबाजार स्थित पोस्ता बाजार मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ 3, 5 और 11 सितंबर को बैठकें कीं। इनमें चीनी की आपूर्ति सामान्य बनाए रखने और बाजार में अनावश्यक मूल्य वृद्धि रोकने को लेकर चर्चा हुई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, 50 रुपये प्रति किलो का निर्धारित थोक भाव कम से कम अगले तीन महीने तक बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य दुर्गा पूजा समेत आगामी त्योहारों के पूरे मौसम में बाजार में चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखना है।