मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (टैफे) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी टीएएफई मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स लिमिटेड (टीएमटीएल) ने राजस्थान के अलवर स्थित अपने मौजूदा संयंत्र में डायट्स इंजन की नई विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया है। यह इकाई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों बाजारों की मांग पूरी करेगी।
कंपनी ने बयान में कहा कि यह टीएमटीएल और औद्योगिक परंपरागत इंजन, प्रणाली तथा ड्राइव समाधान बनाने वाली जर्मनी की कंपनी डायट्स एजी के बीच उत्पादन एवं विनिर्माण क्षेत्र में यह पहली साझेदारी है।
लाइसेंस समझौते के तहत टीएमटीएल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए डायट्स लाइसेंस प्राप्त 2.2 लीटर और 2.9 लीटर इंजन का विनिर्माण करेगी। इस इकाई की वार्षिक उत्पादन क्षमता 35,000 इंजन होगी।
टैफे की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मल्लिका श्रीनिवासन ने कहा, ‘‘यूरोप की अग्रणी इंजन विनिर्माता और डीजल इंजन प्रौद्योगिकी की अग्रणी कंपनी डायट्स के साथ हमारी साझेदारी जर्मन इंजीनियरिंग की सटीकता और भारत की विनिर्माण क्षमता को एक साथ लाती है। यह उद्यम राजस्थान के सहायक इंजीनियरिंग उद्योगों की वृद्धि को भी गति देगा और विनिर्माण केंद्र के रूप में राज्य की स्थिति को और मजबूत करेगा।’’
डायट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. सेबास्टियन शुल्ट ने कहा, ‘‘अलवर में नई डायट्स इंजन असेंबली लाइन का उद्घाटन टैफे के साथ हमारे सहयोग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह हमारी साझा परिकल्पना को औद्योगिक वास्तविकता में बदलने के लिए दोनों टीमों की प्रतिबद्धता और मजबूत सहयोग को दर्शाता है।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय
अजय