नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) टाटा कम्युनिकेशन्स का एकीकृत शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च तिमाही में 74.6 प्रतिशत घटकर 263.25 करोड़ रुपये रहा। इसका मुख्य कारण तुलनात्मक रूप से उच्च अधार का होना है।
पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 1,040.34 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था। यह लाभ चेन्नई में एक भूखंड को एक सहयोगी कंपनी को बेचने से हुई एकमुश्त कमाई और साथ ही टाटा कम्युनिकेशन्स पेमेन्ट्स साल्युशंस में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने से मिली रकम के कारण हुआ था।
कंपनी की परिचालन से होने वाली आय वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 9.4 प्रतिशत बढ़कर 6,554.15 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 5,990.35 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 27.9 प्रतिशत घटा जबकि परिचालन से होने वाली आय में 5.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए, शुद्ध मुनाफा 45.4 प्रतिशत घटकर 1,001.57 करोड़ रुपये रहा। जबकि परिचालन से होने वाली आय 7.3 प्रतिशत बढ़कर 24,802.72 करोड़ रुपये रही।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण