नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में 144 पेटेंट आवेदन दाखिल किए। यह एक वर्ष में अब तक की सर्वाधिक संख्या है।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि ये आवेदन वाहन सुरक्षा को अच्छा बनाने, विश्वसनीयता बढ़ाने, ग्राहकों की कुल लागत को कम करने और यात्रियों के आराम को बेहतर बनाने जैसे रणनीतिक लक्ष्यों के अनुरूप हैं।
टाटा मोटर्स के उपाध्यक्ष एवं इंजीनियरिंग प्रमुख अनिरुद्ध कुलकर्णी ने कहा, “ वित्त वर्ष 2025-26 में दाखिल पेटेंट आवेदनों की रिकॉर्ड संख्या हमारी इंजीनियरिंग टीम के जुनून, रचनात्मकता और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रमाण है। आगे भी हम अपनी नवाचार क्षमताओं का उपयोग ग्राहकों, समाज और देश के दीर्घकालिक हितों के लिए करते रहेंगे।”
कंपनी ने कहा कि यह प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि वह भविष्य को ध्यान में रखते हुए टिकाऊ और आधुनिक परिवहन समाधानों पर काम कर रही है।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने पेटेंट आवेदनों के अलावा 21 डिजाइन और 35 कॉपीराइट आवेदन भी दाखिल किए, जिससे उसकी बौद्धिक संपदा को और मजबूती मिली।
इसके अलावा, कंपनी को 15 पेटेंट स्वीकृतियां भी मिलीं, जिससे कुल स्वीकृत पेटेंट की संख्या 650 से अधिक हो गई।
भाषा योगेश रमण
रमण