टाटा मोटर्स का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 83 प्रतिशत बढ़कर 2,556 करोड़ रुपये
टाटा मोटर्स का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 83 प्रतिशत बढ़कर 2,556 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 83 प्रतिशत बढ़कर 2,556 करोड़ रुपये हो गया।
टाटा कैपिटल लिमिटेड में निवेश पर बाजार मूल्यांकन से हुए लाभ के कारण कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 1,397 करोड़ रुपये रहा था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 20,667 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 17,324 करोड़ रुपये थी।
अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कंपनी की थोक वाहन बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 1,08,700 इकाई रही।
हालांकि, इस तिमाही में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 18,038 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 15,982 करोड़ रुपये था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गिरीश वाघ ने कहा, ‘टाटा मोटर्स ने अप्रैल-जून तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। सफल उत्पाद श्रृंखला, बाजार केंद्रित रणनीति और अनुशासित क्रियान्वयन के दम पर वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इससे ग्राहकों की पसंद के रूप में हमारी स्थिति और मजबूत हुई तथा बाजार में हमारी हिस्सेदारी सुदृढ़ हुई।’
उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक बुनियाद, वाणिज्यिक वाहनों के बेहतर उपयोग और प्रमुख क्षेत्रों में लगातार बनी मांग के कारण वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वाणिज्यिक वाहन उद्योग की स्थिति मजबूत रही।
इवेको के अधिग्रहण के बारे में कंपनी ने कहा कि नियामकीय मंजूरियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और केवल एक मंजूरी मिलना बाकी है।
कंपनी ने कहा, ‘संबंधित प्राधिकरण की सभी आपत्तियों और सवालों का जवाब दे दिया गया है। अगस्त, 2026 के अंत तक अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद सितंबर, 2026 की शुरुआत में निविदा पेशकश शुरू की जाएगी, जिसके नवंबर, 2026 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है।’
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


