टाटा पावर का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 1,194 करोड़ रुपये हुआ
टाटा पावर का तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 1,194 करोड़ रुपये हुआ
नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) टाटा पावर का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ मामूली रूप से बढ़कर 1,194 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व में कमी के बावजूद कंपनी के मुनाफे में यह बढ़त दर्ज की गई है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में कंपनी को 1,188 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों का ब्योरा साझा किया।
आलोच्य तिमाही में टाटा पावर की कुल आय करीब 10 प्रतिशत घटकर 14,269.08 करोड़ रुपये रह गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 15,793.43 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी घटकर 13,465.06 करोड़ रुपये रहा, जो दिसंबर, 2024 तिमाही में 14,249.35 करोड़ रुपये था।
हालांकि, चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर 2025) में कंपनी का शुद्ध लाभ करीब सात प्रतिशत बढ़कर 3,702.04 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी अवधि में यह 3,469.28 करोड़ रुपये था।
टाटा पावर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रवीर सिन्हा ने बयान में कहा कि तीसरी तिमाही के नतीजे बिजली उत्पादन, पारेषण, वितरण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में हमारे मजबूत प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


