रुपया नौ पैसे मजबूत होकर 95.38 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया नौ पैसे मजबूत होकर 95.38 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 09:06 PM IST

मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 9 पैसे चढ़कर 95.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कमजोर होते डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।

बाजार सूत्रों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी और पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव को लेकर अनिश्चितता बढ़ने का स्थानीय मुद्रा पर दबाव रहा। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से रुपये को कुछ सहारा मिला।

पश्चिम एशिया में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है। अमेरिका ने बृहस्पतिवार को ईरान के खिलाफ हवाई हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी अमेरिका के सहयोगी देशों को निशाना बनाया। इस गोलाबारी से युद्ध खत्म करने के उद्देश्य से हुए अंतरिम समझौते पर खतरा मंडराने लगा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.27 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.22 से लेकर 95.42 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में 95.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में 9 पैसे की मजबूती दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को रुपया एक पैसे की मजबूती के साथ 95.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर सूचकांक में गिरावट के कारण 95.22 तक मजबूत हुआ, लेकिन बाद में तेल कंपनियों और आयातकों की डॉलर मांग से यह 95.42 तक गिर गया। हालांकि, जोखिम लेने की बेहतर धारणा और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश जारी रहने की उम्मीद से रुपये को समर्थन मिला।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.86 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.83 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में तेजी से भी रुपये को मजबूती मिली। बीएसई का सेंसेक्स 827.57 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़कर 77,569.39 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 244.10 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,206.90 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,603.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। भाषा राजेश राजेश रमण

रमण