उद्योगों का कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद कर सकती हैं सौर तापीय प्रौद्योगिकियां: रिपोर्ट

Ads

उद्योगों का कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद कर सकती हैं सौर तापीय प्रौद्योगिकियां: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 09:41 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 09:41 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) सौर तापीय प्रौद्योगिकियां जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं और भारत को निम्न-कार्बन औद्योगिक अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने में मदद कर सकती हैं। शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया।

सौर तापीय प्रौद्योगिकी के तहत सूर्य के प्रकाश से ऊष्मा प्राप्त की जाती है, जिसे संग्रहीत कर बाद में बिजली उत्पादन या औद्योगिक प्रक्रियाओं में इस्तेमाल किया जाता है। यह सौर पैनल से अलग हैं।

‘द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट’ (टेरी) ने यह अध्ययन रिपोर्ट ‘औद्योगिक कार्बन मुक्ति के लिए सौर तापीय ऊर्जा पर नीति’ विषय पर जारी की है।

टेरी की महानिदेशक डॉ. विभा धवन ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत का शून्य कार्बन उत्सर्जन की ओर बढ़ने का लक्ष्य इस बात पर निर्भर करता है कि छोटी एवं मझोली इकाइयों को मजबूत बनाया जाए ताकि वे सस्ती वित्तीय सहायता, सफल प्रायोगिक परियोजनाओं और बाजार आधारित ईएसजी प्रोत्साहनों के जरिए वित्तीय और प्रौद्योगिकी बाधाओं से उबरने में मदद कर सके।’’

इस रिपोर्ट में सौर तापीय प्रौद्योगिकियों को तेजी से अपनाने के लिए कई सिफारिशें की गई हैं।

इनमें समर्पित संस्थागत सहयोग, दीर्घकालिक वित्तपोषण, वित्तीय प्रोत्साहन और अनुकूल नीतिगत ढांचे के साथ ‘राष्ट्रीय सौर तापीय मिशन’ शुरू करने की सिफारिश शामिल है।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम