संगठन-सरकार के बेहतर समन्वय से विकास को मिलेगी गति : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Ads

संगठन-सरकार के बेहतर समन्वय से विकास को मिलेगी गति : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 09:21 PM IST

पटना, 10 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय राज्य के विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में राजग कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राजग नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद व बैठकों की परंपरा स्थापित कर गठबंधन को मजबूत आधार दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के निर्माण के लिए लगातार काम कर रहे हैं जबकि नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को राजग सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर राजग के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष हर तीन महीने में कम से कम एक बार मुख्यमंत्री से मिलकर सुझाव और समस्याएं साझा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जनसेवा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह पांच विशेष कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं।

चौधरी ने कहा, “पहले और तीसरे मंगलवार को प्रखंड स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाते हैं, जहां प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाता है। जिन मामलों का समाधान नहीं हो पाता, उनका निपटारा दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में किया जाता है।”

उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत करीब एक करोड़ लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि भेजी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वहीं, ग्रामीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के निर्णय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दी गई है।

चौधरी ने कहा कि महिलाओं के रोजगार कार्यक्रम, घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार से राज्य पर करीब 9,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की मुफ्त खाद्यान्न योजना से करोड़ों परिवारों को लाभ मिला है।

उन्होंने बताया कि बिहार में घर-घर बिजली पहुंचाने के बाद अब प्रत्येक घर को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है और पहले चरण में 2.5 लाख घरों की छतों पर सौर पैनल लगाए जा रहे हैं।

चौधरी ने राजग नेताओं और कार्यकर्ताओं से पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राज्य में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

चौधरी ने बताया कि वह 15 अगस्त के बाद जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष मार्च से पहले सभी जिलों में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पतालों के निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य है।

जदयू की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में नीतीश कुमार ने राजग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र