हरियाणा में आगामी खरीफ सत्र के लिए उर्वरक की कोई कमी न होः राज्य कृषि मंत्री
हरियाणा में आगामी खरीफ सत्र के लिए उर्वरक की कोई कमी न होः राज्य कृषि मंत्री
चंडीगढ़, 10 जून (भाषा) हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि राज्य में आगामी खरीफ सत्र के दौरान उर्वरक की किसी भी तरह की किल्लत न हो।
राणा ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि फसल सत्र शुरू होने से काफी पहले ही उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक और वितरण से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि किसानों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एक सरकारी बयान के अनुसार, इस बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, राज्य के शीर्ष सहकारी संघ हैफेड के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रमुख उर्वरक विनिर्माता एवं विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
बैठक के दौरान मंत्री ने मौजूदा उर्वरक स्टॉक की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने आने वाले खरीफ सत्र के लिए संभावित मांग, उपलब्धता, परिवहन और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के संबंध में अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण सुझाव भी मांगे।
राणा ने निर्देश दिया कि पिछले साल के सफल और पारदर्शी अनुभव को देखते हुए उर्वरक का वितरण फिर से ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल के माध्यम से किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में उर्वरक की जमाखोरी और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दुकानदार या डीलर इन गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उनके खिलाफ तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेन्द्र कुमार, महानिदेशक राजनारायण कौशिक, हैफेड के प्रबंध निदेशक अनीश यादव और विभाग के अन्य वरिष्ठ व तकनीकी अधिकारी मौजूद थे।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


