टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस ने जापान की सांक्यू इंक के साथ किया समझौता

टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस ने जापान की सांक्यू इंक के साथ किया समझौता

टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस ने जापान की सांक्यू इंक के साथ किया समझौता
Modified Date: August 24, 2026 / 01:21 pm IST
Published Date: August 24, 2026 1:21 pm IST

मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस ने आपूर्ति श्रृंखला और इंजीनियरिंग सेवाओं में सहयोग के लिए जापान की सांक्यू इंक के साथ एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत सांक्यू, टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस में 0.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। हालांकि, इसके लिए नियामकीय मंजूरी आवश्यक है।

इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां लॉजिस्टिक्स, भंडारण, परिवहन, इंजीनियरिंग सेवाओं, रखरखाव और साइट पर औद्योगिक सहायता समेत व्यापक समाधान उपलब्ध कराने के अवसर तलाशेंगी।

टीवीएस एससीएस ने सोमवार को बयान में कहा कि शुरुआत में भारत में मौजूद अवसरों पर ध्यान दिया जाएगा। भविष्य में, साझा क्षमताओं का उपयोग करते हुए एशिया, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के अन्य बाजारों तक भी विस्तार किया जाएगा।

टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस के चेयरमैन आर. दिनेश ने कहा, ‘‘ ..सांक्यू की इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और जापानी औद्योगिक क्षेत्र में उसके मजबूत संबंध, टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस की एकीकृत आपूर्ति श्रृंखला क्षमताओं, मजबूत ग्राहक संबंधों और बाजार में मौजूदगी के पूरक हैं।’’

सांक्यू इंक के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) किमिहिरो नाकामुरा ने कहा, ‘‘ दोनों कंपनियों के बीच एक मजबूत रणनीतिक तालमेल है। अपनी संबंधित ताकतों को साथ लाकर हम वैश्विक बाजार में सामूहिक वृद्धि हासिल करने और स्थायी औद्योगिक विकास में योगदान करने के लिए तत्पर हैं।’’

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में