अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रफ्तार सुस्त पड़ी, जून तिमाही में 1.5 प्रतिशत की दर से बढ़ी
अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रफ्तार सुस्त पड़ी, जून तिमाही में 1.5 प्रतिशत की दर से बढ़ी
वाशिंगटन, 30 जुलाई (एपी) अमेरिकी अर्थव्यवस्था अप्रैल-जून तिमाही में आयात में तेज वृद्धि के दबाव के बीच धीमी होकर 1.5 प्रतिशत की दर से बढ़ी। बृहस्पतिवार को आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
वाणिज्य विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में यह वृद्धि जनवरी-मार्च तिमाही की 2.1 प्रतिशत दर और अनुमान से भी नीचे रही।
हालांकि, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में करीब 70 प्रतिशत हिस्सा रखने वाला उपभोक्ता व्यय जून तिमाही में मजबूत बना रहा और 3.2 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ा। यह जनवरी-मार्च की 0.5 प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है।
जून तिमाही के दौरान व्यापार निवेश में भी मजबूती दिखी और यह 8.4 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जिसमें कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश का प्रमुख योगदान रहा।
दूसरी तरफ, एआई गतिविधियों से जुड़े उत्पादों की मांग बढ़ने से आयात 11.5 प्रतिशत बढ़ा जिससे जीडीपी वृद्धि में करीब 1.5 प्रतिशत अंक की गिरावट आई।
इस बीच, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के पसंदीदा मुद्रास्फीति सूचकांक पीसीई में जून में 3.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। यह मई के 4.1 प्रतिशत आंकड़े से कम है, लेकिन अब भी दो प्रतिशत के लक्ष्य से ऊपर है।
फेडरल रिजर्व ने बुधवार को लगातार अपनी पांचवीं बैठक में ब्याज दरें स्थिर रखने की घोषणा की। हालांकि, कुछ अधिकारियों ने ऊंची मुद्रास्फीति को देखते हुए दर बढ़ाने की वकालत की थी।
एपी प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


