नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी वीसर्व इंफोसिस्टम्स का राजस्व कृत्रिम मेधा (एआई) को बढ़ावा मिलने के साथ 2030 तक कई गुना बढ़कर करीब 1,000 करोड़ रुपये पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह बात कही।
कंपनी परिचालन के 10 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में वीसर्व इंफोसिस्टम्स के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) रमन शुक्ला ने कहा, ‘‘एआई के क्षेत्र में ‘भारत सर्विस डेस्क’ हमारी पहल है। एआई आधारित बदलाव के साथ हमें 2030 तक करीब 1,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल होने की उम्मीद है।’’
शुक्ला ने कहा कि कंपनी की वृद्धि उद्योग से जुड़ाव और विदेशी बाजारों में विस्तार से प्रेरित है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के 23 राज्यों और चार अन्य देशों में हमारे ग्राहक हैं। हम अगले दो महीने में सिंगापुर में भी परिचालन शुरू करने जा रहे हैं।’’
नोएडा स्थित वीसर्व अगले पांच वर्षों में अपने कर्मचारियों की संख्या चार-पांच गुना बढ़ाने की योजना बना रही है। फिलहाल करीब 2,000 कर्मचारी कार्यरत हैं।
उत्तर प्रदेश के आईटी मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि राज्य में 2017 में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब 24,000 पंजीकृत स्टार्टअप हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्टार्टअप मिशन के लिए नए सीईओ की नियुक्ति की है और जल्द ही स्वतंत्र निकाय के रूप में एआई मिशन शुरू किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप आदि से संबंधित नीतियों के जरिये सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम