विश्व बैंक ने राजस्थान में राजमार्ग आधुनिकीकरण के लिए 22.5 करोड़ डॉलर के ऋण को दी मंजूरी

Ads

विश्व बैंक ने राजस्थान में राजमार्ग आधुनिकीकरण के लिए 22.5 करोड़ डॉलर के ऋण को दी मंजूरी

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 06:32 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 06:32 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) विश्व बैंक ने सोमवार को राजस्थान में राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना के लिए 22.5 करोड़ डॉलर के ऋण को मंजूरी दी है।

इस परियोजना से 30 लाख से अधिक लोगों को लाभ होगा, सड़क संपर्क बेहतर होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

विश्व बैंक के कार्यकारी निदेशक मंडल ने इस नई परियोजना को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य राजस्थान में राजमार्गों की दक्षता, मजबूती और सुरक्षा को बेहतर बनाना है।

यह परियोजना कृषि, उद्योग, खनन और पर्यटन क्षेत्रों के आर्थिक गलियारों में बेहतर संपर्क के जरिये रोजगार सृजन को बढ़ावा देगी।

राजस्थान देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है और यह भारत के करीब 40 प्रतिशत बाजारों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है।

वित्त वर्ष 2015-16 से 2023-24 के बीच राज्य की औसत वार्षिक वृद्धि दर 11 प्रतिशत रही है, लेकिन सड़क ढांचा इस गति से विकसित नहीं हो पाया है।

बयान में कहा गया, ‘‘राजस्थान राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना (22.5 करोड़ डॉलर) के तहत राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण को एक आधुनिक और सेवा-उन्मुख राजमार्ग संस्था में बदलने में सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही करीब 800 किलोमीटर चयनित राजमार्ग गलियारों का उन्नयन और रखरखाव किया जाएगा, जिससे वे अधिक सुरक्षित, जलवायु के अनुकूल और यात्रियों के लिए भरोसेमंद बन सकें। इस परियोजना में सड़क सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और पूरे राजस्थान में सड़क सुरक्षा में सुधार हो।’’

इसमें कहा गया कि इंटरनेशनल बैंक फॉर रिकंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट (आईबीआरडी) से मिलने वाले 22.5 करोड़ डॉलर के ऋण की अवधि 35 वर्ष होगी।

भाषा योगेश अजय

अजय