जेप्टो के सह-संस्थापकों को अप्रैल में ईडी से मिला था समनः मसौदा दस्तावेज
जेप्टो के सह-संस्थापकों को अप्रैल में ईडी से मिला था समनः मसौदा दस्तावेज
नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) क्विक कॉमर्स कंपनी जेप्टो ने अपने सह-संस्थापकों आदित पलिचा और कैवल्य वोहरा को इस वर्ष अप्रैल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन मिलने की जानकारी अपने अद्यतन मसौदा दस्तावेज में दी है।
कंपनी के अनुसार, यह समन विदेशी निवेश, वित्तीय लेन-देन और कंपनी के कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और जानकारी के लिए विदेशी मुद्रा विनिमय प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही कार्रवाई के संबंध में जारी किया गया था।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की मंजूरी के लिए सेबी के समक्ष दाखिल मसौदा दस्तावेज में बताया गया है कि ईडी ने विदेशी निवेश, वित्तीय विवरण, शेयरधारिता रुझान, ऋण एवं गारंटी, आयकर रिटर्न, बैंक खातों, अचल संपत्तियों और कंपनी के कारोबारी मॉडल से जुड़े विवरण मांगे थे।
कंपनी के सह-संस्थापकों को ये समन आठ अप्रैल, 2026 को जारी कर जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था।
कंपनी के अनुसार, पलिचा और वोहरा दोनों ने अलग-अलग तारीखों पर ईडी के समक्ष पेश होकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराए। एजेंसी की तरफ से मांगी गई अतिरिक्त जानकारी को भी कंपनी ने साझा किया।
जेप्टो ने कहा है कि उसके बाद ईडी की ओर से आगे कोई संचार नहीं मिला है, लेकिन भविष्य में जांच या कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब कंपनी ने अपने प्रस्तावित आईपीओ के लिए सेबी के पास अद्यतन मसौदा दस्तावेज दाखिल किए हैं।
भाषा प्रेम प्रेम
प्रेम
प्रेम

Facebook


