छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद
Modified Date: September 7, 2026 / 01:25 pm IST
Published Date: September 7, 2026 1:25 pm IST

बीजापुर, सात सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान में नक्सलियों के हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद किये हैं।

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन जखीरों से बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक सामान जब्त किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दल ने शनिवार को जिले के एड़ी, हर्री, नयापारा और सरपंचपारा पीडिया तथा कुआपगुड़ा गांवों के जंगल से नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोलाबारूद के 14 जखीरे बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के दल को तलाशी अभियान के लिए रवाना किया गया था। दल जब शनिवार को जिले के एड़ी, हर्री, नयापारा और सरपंचपारा पीडिया तथा कुआपगुड़ा गांवों के जंगल में था तब उन्हें नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामान में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल, आठ डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 बारूदी सुरंग, बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर शामिल हैं।

इसके अलावा बारूदी सुरंग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जवानों ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से खोज अभियान चलाया।

उन्होंने बताया कि एड़ी, हर्री तथा पीडिया कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सीआरपीएफ के 199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

भाषा सं संजीव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में