रायपुर, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत देश के 554 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों तथा 1,500 फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण कार्यो का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें 2,700 करोड़ रुपये की लागत से छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास और 83 पुलों और अंडरब्रिज का निर्माण भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर के सांसद सुनील सोनी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से इन निर्माण कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
इस अवसर पर राज्यपाल हरिचंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश बदलाव की नई इबारत लिख रहा है और भारतीय रेलवे भी अपने कायाकल्प के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। बीते वर्षों में बुनियादी ढांचे के निर्माण पर दिए गए विशेष जोर के कारण आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती रेल नेटवर्क प्रणाली है।
राज्यपाल ने कहा, ‘‘इस वर्ष के रेल बजट में हमारे राज्य को केंद्र सरकार द्वारा छह हजार 896 करोड़ से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। यह 2009 से 2014 के बीच दिए गए औसतन बजट के मुकाबले 22 गुना ज्यादा है। दुर्ग एवं रायपुर दोनों स्टेशन को पुनर्विकसित कर विश्वस्तरीय बनाने की योजना है। राज्य में वन्दे भारत ट्रेन भी चल रही हैं। राज्य में रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का जो अभियान चल रहा है उसके अंतर्गत 32 स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तेज गति से चालू है।’’
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क 100 फीसदी विद्युतीकृत हो चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में बीते 10 वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन 162 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ जो कि 2009 से 2014 की तुलना में कई गुना ज्यादा है। इसके अतिरिक्त आने वाले तीन से पांच साल में छत्तीसगढ़ में 36 हजार 968 करोड़ रुपये उन्नयन के लिये खर्च किये जाएंगे।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया है। जिनमें कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाई नगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुन्ठपुर रोड, अंबिकापुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराजहरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिरहसौद, भिलाई के स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के अधिकारी भी मौजूद थे।
भाषा संजीव गोला
गोला