Reported By: Sandeep Shukla
,रायपुर। CG BJP Latest News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बार फिर प्रदेश की सियासी हलचल बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, भाजपा के चंपारण मंडल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू के बयान से पार्टी के भीतर ही नाराजगी उभर आई। मामला इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हाथापाई जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
CG BJP Latest News: जानकारी के अनुसार चंपारण मंडल के भिलाई गांव में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान कार्यक्रम के दौरान विधायक इंद्र कुमार साहू ने अपने संबोधन में कुछ भाजपाइयों को “गद्दार” तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में गद्दारी करने वाले लोग आज प्रवक्ता बनकर बैठे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “एजेंट बनकर चुनाव हराने वाले लोग आज भी सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि विधायक का यह बयान हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव में पार्टी की हार को लेकर चल रही चर्चा के दौरान आया। उनके इस तीखे बयान पर कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे अनुचित बताया।
विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हाथापाई जैसी स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि, मौजूद वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे संगठनात्मक अनुशासन से जोड़कर भी देखा जा रहा है।