छत्तीसगढ़: भाजपा 10 लोकसभा सीट पर और कांग्रेस एक पर आगे

Ads

छत्तीसगढ़: भाजपा 10 लोकसभा सीट पर और कांग्रेस एक पर आगे

  •  
  • Publish Date - June 4, 2024 / 12:08 PM IST,
    Updated On - June 4, 2024 / 12:08 PM IST

रायपुर, चार जून (भाषा) छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार राज्य की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 सीट पर तथा कांग्रेस एक सीट पर आगे है।

राज्य में मंगलवार सुबह आठ बजे 33 केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। पहले आधे घंटे में डाक मतपत्रों की गिनती की गई तथा बाद में ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई।

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार महत्वपूर्ण राजनांदगांव सीट पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भाजपा के निवर्तमान सांसद संतोष पांडे से 9,735 मतों से पीछे हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण सीट रायपुर में भाजपा के प्रभावशाली नेता बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस के विकास उपाध्याय से 97,307 मतों के अंतर से आगे हैं।

दुर्ग सीट पर भाजपा के निवर्तमान सांसद विजय बघेल अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजेंद्र साहू से 81,451 मतों से आगे हैं।

नक्सल प्रभावित बस्तर सीट (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) पर भाजपा के महेश कश्यप कांग्रेस के तेजतर्रार नेता कवासी लखमा से 3,569 मतों से आगे हैं।

कोरबा सीट पर मौजूदा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी कांग्रेस की ज्योत्सना महंत भाजपा की सरोज पांडेय से 2,854 मतों से आगे हैं।

इसके साथ ही सत्ताधारी भाजपा बिलासपुर, महासमुंद, कांकेर (एसटी), जांजगीर-चांपा (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित), रायगढ़ (एससी) और सरगुजा (एसटी) सीट पर आगे है।

वर्ष 2004 से 2014 तक हुए तीन आम चुनावों में भाजपा ने राज्य की 11 में से 10 सीट जीती थीं। वर्ष 2019 के चुनावों में भाजपा ने नौ तथा कांग्रेस ने दो सीट पर जीत हासिल की थी।

भाषा संजीव खारी

खारी

ताजा खबर