रायपुर, 20 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को रायपुर में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को पारित करने में रुकावट डालने का आरोप लगाया और इस कदम के विरोध में पैदल मार्च निकाला।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी गांधी परिवार से बाहर किसी महिला को लोकसभा या विधानसभा में नेतृत्व करते हुए बर्दाश्त नहीं कर सकती।
पार्टी के पदाधिकारियों के अनुसार, राज्यभर से सैकड़ों महिलाओं ने ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ में हिस्सा लिया।
इस पदयात्रा ने इंडोर स्टेडियम से नेताजी सुभाष स्टेडियम तक तीन किलोमीटर की दूरी तय की।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष किरण देव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिला आरक्षण संशोधन विधेयक का विरोध कर कांग्रेस और विपक्षी दलों ने यह साबित किया है कि वे महिला विरोधी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल नहीं चाहते कि गांधी परिवार के अलावा कोई महिला लोकसभा और विधानसभा में नेतृत्व करें।
किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए यह अधिनियम पेश किया लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर इसे पारित नहीं होने दिया।
उन्होंने कांग्रेस पर मातृशक्ति को केवल ‘वोट बैंक’ समझने का आरोप लगाया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने भाजपा पर जवाबी आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने सवाल किया कि भाजपा महिला आरक्षण विधेयत को लागू क्यों नहीं कर रही है जबकि वह कानून बन चुका है।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र