रायपुर। CG DMF Scam: छत्तीसगढ़ में DMF (जिला खनिज न्यास निधि) घोटाले में बड़ी खबर सामने आई है। DMF फंड में कथित अनियमितताओं के मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के बाद हिरासत में लिया और अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने 26 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि इससे पहले अनिल शराब घोटाले में भी जेल जा चुके हैं।
CG DMF Scam: जांच में सामने आया है कि DMF फंड से जुड़े कार्यों में कथित तौर पर कमीशन लेकर अपने परिचितों और कुछ फर्मों को काम दिलाने का आरोप अनिल टूटेजा पर है। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर चयन प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया गया और ठेके आवंटन में अनियमितताएं की गईं। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां अब फंड आवंटन, टेंडर प्रक्रिया और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही हैं। मामले में अन्य अधिकारियों और संबंधित फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने विस्तृत पूछताछ की आवश्यकता बताते हुए रिमांड की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए 26 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। DMF (District Mineral Foundation) फंड खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए बनाया गया है। इस फंड का उपयोग स्थानीय बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाओं के विकास में किया जाता है।