छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एक महिला पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित किया

Ads

छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय अनियमितताओं को लेकर एक महिला पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित किया

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 12:25 AM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 12:25 AM IST

रायपुर, पांच फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने दंतेवाड़ा जिले में एक महिला पुलिस उपाधीक्षक को बृहस्पतिवार को कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य गृह विभाग के एक आदेश में कहा गया है कि पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया है क्योंकि उनके खिलाफ प्राप्त शिकायत की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उन्होंने अपने कर्तव्य के दौरान अवैध वित्तीय लाभ प्राप्त किए, अपने पद का दुरुपयोग किया और अपनी ज्ञात आय के स्रोतों के अनुपात से अधिक संपत्ति अर्जित की।

इसमें उनके व्हाट्सएप चैट और जांच के दौरान दिए गए बयानों में विरोधाभास का भी हवाला दिया गया। यह भी कहा गया कि निलंबन की अवधि के दौरान वर्मा को नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया जाएगा।

रायपुर के एक व्यापारी ने कुछ महीने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्मा ने उससे पैसे और महंगे उपहार लिए थे। उसने यह भी दावा किया कि वर्मा ने विभाग की गोपनीय जानकारी उसके साथ साझा की थी।

वर्मा ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष