रायपुर। Job in Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के बलरामपुर, बीजापुर और कोरिया जिलों में 9 और 10 मार्च को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा, जहां निजी कंपनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और स्थान पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
Job in Chhattisgarh जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 मार्च 2026 को शासकीय आईटीआई रामानुजगंज में जिला स्तरीय प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में श्री क्वालिटी सर्विस एवं सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट कंपनी द्वारा कुल 608 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें क्वालिटी इंस्पेक्टर के 50, सिक्योरिटी गार्ड के 100, सुरक्षा गार्ड के 200, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 50, फील्ड ऑफिसर के 2, अकाउंटेंट के 2, मार्केटिंग मैनेजर के 2, टीआरजी ऑफिसर के 2 और लेबर के 200 पद शामिल हैं।
बीजापुर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में 10 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से कुल 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। यह अवसर फिलहाल केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रखा गया है। इच्छुक उम्मीदवार सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में शामिल हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9893026590 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बैकुण्ठपुर द्वारा 9 मार्च को जिला पंचायत के पीछे गढ़ कलेवा के पास निःशुल्क प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 10 पद और कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव के 3 पद पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है और महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार से 18 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर निर्धारित स्थान और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है।