रायपुर। Chhattisgarh Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ा कदम उठाते हुए अदालत में 9वां पूरक चालान पेश किया है। इस चालान में सौम्या चौरसिया, के.के. श्रीवास्तव और देवेन्द्र डडसेना को आरोपी बनाया गया है। तीनों पहले से ही इस मामले में गिरफ्तार हैं। EOW द्वारा दाखिल पूरक चालान के साथ अब तक कुल 51 आरोपियों के खिलाफ अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है, जिससे मामले की गंभीरता और व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
Chhattisgarh Liquor Scam: जांच एजेंसी के अनुसार, सौम्या चौरसिया पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कथित शराब सिंडिकेट को संरक्षण देने का आरोप है। वहीं के.के. श्रीवास्तव पर अवैध नगदी के लेन-देन और पूरे नेटवर्क के मैनेजमेंट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा देवेन्द्र डडसेना पर आरोप है कि वह अवैध रूप से एकत्रित रकम को संभालने और आगे पहुंचाने में सक्रिय रूप से शामिल था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। EOW की जांच अभी जारी है और सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।