बिलासपुर, 28 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बनाए गए एक अस्थायी गौठान में छह मवेशियों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीपत क्षेत्र के ग्राम पंचायत झलमला में बने अस्थायी गौठान में छह मवेशियों की मौत की पुष्टि हुई है। यह अस्थायी गौठान फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए ग्रामीणों की सहमति और सहयोग से बनाया गया है।
इससे पहले ग्रामीणों ने दावा किया था कि शनिवार को 23 और रविवार को करीब सात मवेशियों समेत कुल 30 मवेशियों की मौत हुई है। हालांकि, पशु चिकित्सा विभाग के अनुसार शनिवार को तीन और रविवार को तीन, कुल छह मवेशियों की ही मौत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने मवेशियों की मौत के मामले में वस्तुस्थिति की जांच के आदेश दिए हैं।
संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. गोपाल शरण सिंह तंवर ने बताया कि झलमला के अस्थायी गौठान में बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत की सूचना मिलने के बाद पशु चिकित्सकों के दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दल ने पाया कि शनिवार को तीन और रविवार को तीन, कुल छह मवेशियों की मौत हुई है।
तंवर ने बताया कि दल ने मवेशियों के शवों की आवश्यक जांच की और मौके की परिस्थितियों का भी निरीक्षण किया। प्रथमदृष्टया मवेशियों की मौत का कारण लगातार बारिश के चलते उन्हें चराने के लिए बाहर नहीं ले जाना तथा गौठान में कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से ठंड लगना एवं बीमार पड़ना बताया गया है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अस्थायी गौठान में करीब 300 मवेशी मौजूद पाए गए। लगातार बारिश के कारण परिसर में जलभराव, भूमि खराब होने और कीचड़ जमा होने की स्थिति भी सामने आई है।
अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों के दल ने सभी मवेशियों के स्वास्थ्य की जांच की है और वहां लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भाषा
सं, संजीव रवि कांत