Reported By: Devendra Mishra
,Dhamtari Meat Controversy / Image Source : FILE
धमतरी: Dhamtari Meat Controversy : छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के साल्हेवार पारा स्थित गाड़ा पारा इलाके में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब कथित तौर पर गोवंश का मांस बेचे जाने की आशंका को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना के बाद सूचना मिलने पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद मांस और अन्य अवशेषों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस पशु का है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गाड़ापारा में उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब इलाके में कथित रूप से गोवंश काटे जाने और मांस बेचे जाने की आशंका की सूचना फैली।Hindu Organization Protest Dhamtari इस घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। देखते ही देखते क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, घटनास्थल से करीब 86 किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद किया गया।
इसके बाद पास के तालाब किनारे पशु अवशेष और खाल मिलने का भी दावा किया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। हालांकि बरामद सामग्री की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। हिंदू संगठनों का आरोप है कि उन्हें पिछले कुछ समय से इस इलाके में इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति और अन्य लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थिति को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने बरामद मांस का निरीक्षण कर उसका वजन किया तथा वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसके संबंध में भी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक रिपोर्ट मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।