रायपुर, 28 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक सरकारी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में मंगलवार को आग लग गई, जिसके बाद मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि आमतौर पर मेकाहारा के नाम से चर्चित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दोपहर बाद आग लगी। आग का धुआं आपातकालीन वार्ड और उससे सटे क्षेत्रों में फैल गया।
एहतियात के तौर पर मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों और सुरक्षा कर्मचारियों ने निकासी एवं बचाव अभियान में सहयोग किया।
अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग शॉर्ट सर्किट या आपातकालीन वार्ड में लगे एयर कंडीशनर में खराबी के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश