छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त
Modified Date: July 17, 2026 / 09:09 pm IST
Published Date: July 17, 2026 9:09 pm IST

बिलासपुर, 17 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। भारी बारिश से रेल और सड़क यातायात बाधित हुआ तथा स्कूलों को बंद करना पड़ा व बचाव अभियान शुरू करने पड़े। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर में बृहस्पतिवार शाम से शुक्रवार शाम तक रुक-रुक कर भारी बारिश हुई, जबकि पड़ोसी जिलों – गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम), मुंगेली और जांजगीर-चंपा – में पिछले 24-48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ जिले की सिपत तहसील में सबसे ज़्यादा 110.2 मिमी बारिश हुई। बिलासपुर तहसील में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई।’’

लगातार बारिश की वजह से बिलासपुर के आस-पास राष्ट्रीय राजमार्गों के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। कुछ जगहों पर सड़कों के ऊपर चार से पांच फीट पानी बह रहा था, जिससे गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई।

बिलासपुर में कई सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं क्योंकि अर्पा नदी उफान पर है। कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात एवं विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण बिलासपुर रेलवे स्टेशन और उसके यार्ड में पटरियां भी पानी में डूब गईं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पटरियों पर जलभराव के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कम से कम पांच ट्रेन रद्द कर दी गईं, जबकि तीन ट्रेन को या तो बीच में ही रोक दिया गया या फिर बीच के किसी स्टेशन से ही शुरू किया गया।’’

बिलासपुर में पानी के बहाव को नियंत्रित करने और बाढ़ को रोकने के लिए नदी पर बने अर्पा-भैसाझार बैराज के गेट आंशिक रूप से खोल दिए गए हैं।

बिलासपुर की रिहायशी कॉलोनियों – ओल्ड बस स्टैंड, सरकंडा, तोरवा, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार, हंसा विहार, देवरीखुर्द, राजकिशोर नगर, मोपका, सिरगिट्टी, मंगला और उसलापुर – में सड़कों पर दो से तीन फीट पानी भरा रहा।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में