भाजपा सरकार भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की तरह जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर रही है : मायावती

Ads

भाजपा सरकार भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की तरह जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर रही है : मायावती

  •  
  • Publish Date - April 28, 2024 / 06:46 PM IST,
    Updated On - April 28, 2024 / 06:46 PM IST

मुरैना (मप्र), 28 अप्रैल (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने रविवार को दावा किया कि भाजपा सरकार भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की तरह ही जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में देश में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है।

यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने दावा किया कि अगर ‘‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’’ चुनाव होते हैं और ईवीएम के साथ कोई ‘‘छेड़छाड़’’ नहीं होती है, तो भारतीय जनता पार्टी के लिए जीतना आसान नहीं होगा।

बसपा नेता ने दावा किया, ‘‘ऐसा लगता है कि भाजपा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की तरह ही जांच एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है। भाजपा सरकार गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई के मोर्चे पर विफल रही है, जो पिछले दो वर्षों में बढ़ी हैं। केंद्र अत्यंत गरीबों को राशन दे रहा है लेकिन असल समाधान रोजगार पैदा करना है।’’

उन्होंने बसपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा, ‘‘भ्रष्टाचार कम नहीं हुआ है और देश की सीमाएं अब तक पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। यह चिंता की बात है। आपको भाजपा और कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा।’’

मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का गठन इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस ने दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए काम नहीं किया।

उन्होंने जनसभा में कहा, ‘‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की तरह सत्तारूढ़ भाजपा की भी जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी मानसिकता है। वह सत्ता बरकरार रखने के लिए हर हथकंडा अपना रही है। मुसलमानों पर अत्याचार किया जा रहा है। आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भाजपा और कांग्रेस सत्ता में न आ सकें।’’

भाषा शफीक राजकुमार

राजकुमार